Wednesday, October 21st, 2026

पुराने विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या

 लखनऊ 
लखनऊ के पतौना गांव में होली के दिन पुराने विवाद में कोटेदार ने अपने बेटे के साथ सरोज (22) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। सरेशाम हुई इस वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को रात में हिरासत में लिया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

गांव में रहने वाला सरोज सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे खेत से घर लौट रहा था। इसी समय रास्ते में कोटेदार मूलचन्द और उनके बेटे धर्मवीर ने उसे रोक लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। तनातनी बढ़ने पर मूलचन्द और धर्मवीर ने सरोज पर चाकूओं से हमला कर दिया। सरोज ने बचने के लिये शोर मचाया। इस पर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े पर तब तक हमलावर उसे लहूलुहान कर फरार हो गये थे। खून से लथपथ सरोज को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आनन फानन कई जगह दबिश दी गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।

पिता बेसुध हो गए
सरोज की हत्या की खबर मिलते ही पिता पन्नालाल बेसुध हो गए। पड़ोसियों ने उन्हें संभाला। सरोज के भाई बृजेश से पुलिस ने विवाद के बारे में पूछा लेकिन वह ज्यादा नहीं बता सका। पुलिस कई अन्य बिन्दुओं पर भी पड़ताल कर रही है।

 

Source : Agency

पाठको की राय